छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं की तैयारी तेज, रिंकू सिंह ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
बारसोई। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बारसोई नगर पंचायत में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह ने उपमुख्य पार्षद प्रमोद साह एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार के साथ नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, रोशनी, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह ने नगर पंचायत वासियों को छठ पूजा की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पंचायत की ओर से पिछले दो महीनों से अलग-अलग स्थानों पर बने छठ घाटों की साफ-सफाई एवं बेहतर व्यवस्था की तैयारी की जा रही है। घाटों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, पर्याप्त रोशनी तथा श्रद्धालुओं के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि सद्भावना नदी घाट से लेकर मौलानापुर घाट तक विभिन्न स्थानों पर छठ घाटों को तैयार किया जा रहा है, ताकि हजारों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि जिन घाटों पर पानी की गहराई अधिक है या जो खतरनाक हैं, वहां सावधानी संबंधी संकेत बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बारसोई अंचलाधिकारी के माध्यम से गोताखोरों की व्यवस्था भी की जाएगी।
उपमुख्य पार्षद प्रमोद साह ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि व्रती एवं श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
मौके पर उपस्थित नगर पंचायत वासियों ने कहा कि इस महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सभी लोग आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, ताकि लोक आस्था का यह महापर्व हर्षोल्लास एवं शांति के साथ संपन्न हो सके।
मौके पर वार्ड पार्षद धर्मेंद्र सिंह, राजेश भगत, मुन्ना भगत, चंदन साह, पिंटू पांडे, राजेश कुमार साह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
