मुस्करा,हमीरपुर । लगातार हो रही बारिश से कस्बे के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही स्कूली बच्चों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। मुस्करा कोतवाली क्षेत्र के जीआईसी स्कूल की बस्ती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे जलभराव वाले रास्ते को पार करने के लिए लकड़ी के टुकड़ों से बनाई गई जुगाड़ू नाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में कुछ लोग डगमगाती लकड़ी की नाव के सहारे बच्चों को पानी से पार कराते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है।
ऐसे में स्थानीय लोगों ने जुगाड़ से लकड़ी की नाव तैयार कर बच्चों को स्कूल पहुंचाने का रास्ता निकाला। बस्ती निवासी एक युवक ने बताया कि यहां हर साल बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पैदा होती है।
कई बार ग्राम प्रधान को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक यहां स्थायी सड़क की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
