डिंडौरी, 16 सितंबर 2026
शाम 7 बजे नर्मदा डैम घाट पर जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, जिलेभर में दीप प्रज्ज्वलित कर लिया जाएगा सेवा और विकास का संकल्प
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना, विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सहभागिता और विकास के संकल्प को मजबूत करना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे हिनौता से ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान एमपीआरडीसी के प्रमुख सचिव आईएएस 2008 बैच श्री भरत यादव उपस्थित रहेंगे। यात्रा के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शासन की योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के दौरान विभागों द्वारा शिविर, स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता गतिविधियां तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
शाम 7 बजे जिलेभर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम नर्मदा डैम घाट, डिंडौरी में आयोजित होगा, जहां दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सहभागिता और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसी क्रम में जिलेभर में हितग्राही परिवारों के घरों सहित प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक, सार्वजनिक एवं विकास से जुड़े स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास कॉलोनियां, अमृत सरोवर एवं जल संरचनाएं, प्रमुख चौराहे, नव-निर्मित अधोसंरचनाएं, जन-औषधि केंद्र, आयुष्मान अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, पंचायत भवन एवं सामुदायिक केंद्र सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
जनभागीदारी के तहत ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में निर्धारित संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा से संकल्प, जनभागीदारी से विकास का संदेश दिया जाएगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं से लाभान्वित परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और विकास की रोशनी को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता कर जनभागीदारी के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
