डिण्डौरी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित जनविश्वास अभियान के तहत पुलिस विभाग द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए निरंतर कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी आशीष खरे द्वारा 27 अगस्त 2026 को थाना शहपुरा का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र में घटित अपराधों एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने थाना के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर 11 सितम्बर 2026 को ग्राम गुतलवाह में आयोजित जनविश्वास शिविर में पुलिस विभाग से संबंधित आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजय तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी शहपुरा अनुराग जामदार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अभियान के तहत विभिन्न मामलों में प्रभावी कार्यवाही की गई।अभियान अवधि में सीएम हेल्पलाइन की 10 शिकायतों, एसपीसीसी की 16 शिकायतों का निराकरण, 29 अपराधों का निकाल, 09 मर्ग प्रकरणों में कार्यवाही तथा 04 गुम इंसानों को दस्तयाब किया गया, जिनमें 03 महिलाएं एवं 01 पुरुष शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लोक अदालत के 134 समंस/नोटिस तामील, 02 स्थायी वारंट एवं 07 गिरफ्तारी वारंट की कार्यवाही की गई।
इसी प्रकार आबकारी एक्ट के तहत 10 प्रकरण, सट्टा एक्ट का 01 प्रकरण तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 52 कार्यवाहियां की गईं। धारा 129 बीएनएसएस (110) के तहत 01, धारा 170 बीएनएसएस (151) के तहत 02 तथा धारा 126, 135(3) बीएनएसएस (107/116) के तहत 61 कार्यवाहियां की गईं।
ग्राम गुतलवाह में आयोजित जनविश्वास शिविर के दौरान प्राप्त पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का भी मौके पर त्वरित निराकरण किया गया। पुलिस विभाग द्वारा की जा रही इस कार्यवाही का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना तथा नागरिकों को अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष निर्भीक होकर रखने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
