हमीरपुर। शहर के तहसील रोड पर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने रविवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की।
नगर पालिका की टीम ने सड़क पर अस्थायी दुकानें लगाकर तथा सामान फैलाकर किए गए कब्जों को हटवाते हुए मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया। तहसील रोड पर लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था और आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी।
राहगीरों व वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर पालिका की कार्रवाई के बाद सड़क किनारे का रास्ता साफ होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका प्रशासन ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि दोबारा सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण किया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानदारों से निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
वहीं, दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका की ओर से करीब 20 नई दुकानों का निर्माण कराया गया है। इन दुकानों की 10 सितंबर को नीलामी प्रस्तावित है।
नगर पालिका का कहना है कि दुकानों के व्यवस्थित होने से सड़क किनारे अतिक्रमण की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
