मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर।त्योहारों के सीजन में मिलावट खोरों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बडी छापेमारी की है, इसके पहले रक्षाबंधन के समय भी होटलों में छापेमारी की जा चुकी है।जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को कस्बे में संचालित दूध डेयरियों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की। कार्रवाई के दौरान दूषित एवं खाने योग्य नहीं पाए गए करीब 64 हजार रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थों को मौके पर ही पास के बरेडी़ नाले मे नष्ट कराया गया।
उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय गौरी शंकर, प्रभारी निरीक्षक संजय यादव एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कानपुर-सागर रोड स्थित न्यू किसान डेयरी का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से दूध, पनीर व पनीर के नमूने संकलित किए।
इसके अलावा करीब 50 किलो पनीर, 60 किलो क्रीम, 20 किलो घी, 60 किलो दही और 10 किलो मावा दूषित एवं खाने योग्य नहीं पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके बाद टीम ने किसान डेयरी एवं श्याम दूध डेयरी का भी निरीक्षण किया।
यहां दूध, पनीर एवं पनीर के नमूने लिए गए। जांच के दौरान करीब 150 किलो दही और 40 किलो क्रीम दूषित/खाने योग्य नहीं पाए जाने पर नष्ट कराया गया।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
