A2Z सभी खबर सभी जिले की

शासकीय हाई स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाया

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई...



रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार।। ग्राम सिरसी स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण को प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हटवा दिया। स्कूल प्राचार्य दिनेश चंद्र पाटीदार द्वारा की गई शिकायत पर तहसीलदार विजय तलवारे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राजस्व अमले की टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई करवाई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिरसी की शासकीय हाई स्कूल परिसर स्थित शासकीय रिक्त भूमि सर्वे नंबर 231/1/2 पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत तहसील कार्यालय मनावर, बीईओ कार्यालय तथा कलेक्टर कार्यालय में की गई थी। शिकायत के बाद तहसीलदार के निर्देश पर हल्का पटवारी राजेंद्र गवांधे, चौकीदार शैलेंद्र, मंगु चौकीदार एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की टीम मौके पर पहुंची।

कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता प्राचार्य दिनेश चंद्र पाटीदार एवं विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति में अतिक्रमणकर्ताओं सुखराम पिता बाला, सूरज पिता सुखराम एवं कलाबाई पति सुखराम को बुलाकर समझाइश दी गई। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर परिसर को खाली कराया गया।

अतिक्रमण हटने के बाद विद्यालय की वे खिड़कियां भी खुलवाई गईं, जो लंबे समय से बंद थीं और जिनके कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पटवारी राजेंद्र गवांधे ने खिड़कियां खुलवाकर विद्यालय परिसर को व्यवस्थित कराया।

इस त्वरित कार्रवाई पर विद्यालय के शिक्षकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए तहसीलदार विजय तलवारे एवं राजस्व अमले की सराहना की। वहीं क्षेत्र में शासकीय भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों ने ऐसे मामलों में निरंतर कार्रवाई की अपेक्षा भी जताई।

Related Articles
Show More
Back to top button