A2Z सभी खबर सभी जिले की

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलीं सांसद सावित्री ठाकुर

भोजशाला की माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने का किया अनुरोध



धार लोकसभा क्षेत्र में बीएसएनएल टावर, डाक सेवाओं के विस्तार और भोजशाला भ्रमण का भी दिया आमंत्रण

रिपोर्टर | दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार।।केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से शिष्टाचार भेंट कर जनहित, संचार सुविधाओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान सांसद सावित्री ठाकुर ने धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला में विराजमान माँ वाग्देवी (सरस्वती) के सम्मान में स्मारक डाक टिकट (पोस्टल स्टाम्प) जारी किए जाने का अनुरोध पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपा।

उन्होंने कहा कि भोजशाला भारतीय ज्ञान, संस्कृति और सभ्यता का गौरवशाली केंद्र है तथा माँ वाग्देवी के सम्मान में डाक टिकट जारी होने से देशभर में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश जाएगा।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किया जाना भारतीय संस्कृति, शिक्षा और आध्यात्मिक चेतना के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

इस अवसर पर श्रीमती ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को विश्वप्रसिद्ध भोजशाला के दर्शन हेतु धार आने का सादर आमंत्रण भी दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके आगमन से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा जनजागरण को भी बल मिलेगा।

बैठक में धार लोकसभा क्षेत्र, विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में बीएसएनएल के नए मोबाइल टावर स्थापित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। सांसद ने बेहतर मोबाइल एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ ही डाक विभाग की सेवाओं के विस्तार, नए डाकघरों की स्थापना तथा आवश्यक डाक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

सांसद सावित्री ठाकुर ने विश्वास जताया कि माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव तथा क्षेत्र में संचार एवं डाक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण संबंधी सुझावों पर सकारात्मक पहल होगी, जिससे धार लोकसभा क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक गौरव को नई गति मिलेगी।

फोटो कैप्शन: नई दिल्ली में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से शिष्टाचार भेंट कर माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने का अनुरोध पत्र सौंपतीं केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर।

Related Articles
Show More
Back to top button