
सेवा सृजन समृद्धि फाउंडेशन की पहल: “बीजा रोपण से वृक्षारोपण” अभियान बना पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन…
रिपोर्टर | दिलीप कुमरावत Mob 9179977597
मनावर, जिला धार। पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और जनभागीदारी आधारित हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा सृजन समृद्धि फाउंडेशन द्वारा मनावर विकासखंड के पिछड़े एवं आदिवासी क्षेत्रों में “बीजा रोपण से वृक्षारोपण” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत इस वर्ष 30 हजार से अधिक सीड बॉल (Seed Balls) तैयार किए गए हैं, जिनके माध्यम से प्राकृतिक रूप से लाखों नए पौधे विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
संस्था पिछले कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, महिला सशक्तिकरण, जैविक खेती, युवाओं के कौशल विकास तथा संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप विभिन्न सामाजिक विकास कार्यक्रम संचालित कर रही है। संस्था का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
इस वर्ष तैयार किए जा रहे सीड बॉल में लगभग 40 से 45 प्रकार के स्थानीय, फलदार, छायादार, औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्षों और वनस्पतियों के बीज शामिल किए गए हैं, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को समृद्ध किया जा सके।
अभियान की विशेषता संस्था द्वारा संचालित “सीड बैंक” है। इसके तहत पंजीकृत परिवारों, विद्यालयों और विद्यार्थियों को बीज संग्रह डिब्बे उपलब्ध कराए जाते हैं। लोग दैनिक उपयोग में आने वाले फलों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के बीजों को फेंकने के बजाय इन डिब्बों में सुरक्षित रखते हैं। संस्था के कार्यकर्ता हर 5 से 6 माह में इन बीजों का संग्रह कर उनकी गुणवत्ता के अनुसार चयन करते हैं और वर्षा ऋतु में वैज्ञानिक एवं पारंपरिक पद्धति से सीड बॉल तैयार करते हैं।
अभियान के प्रथम चरण में बड़े स्तर पर सीड बॉल निर्माण कार्य किया जा रहा है। जुलाई के अंतिम सप्ताह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं और ग्रामीणों की सहभागिता से इन सीड बॉल का प्राकृतिक पहाड़ियों, वन क्षेत्रों एवं अनुपयोगी भूमि पर व्यापक वितरण किया जाएगा। इसके बाद अगस्त माह में चयनित स्थलों पर पौधरोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समुदाय, विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं युवाओं को सौंपी जाएगी।
इस अभियान में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक भुवान सिंह गेहलोत एवं सहयोगी संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। वहीं ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी उल्लेखनीय है। महिलाएं सीड बॉल निर्माण में सहयोग देकर आजीविका अर्जित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
संस्था का मानना है कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर से निकलने वाले प्रत्येक बीज को सुरक्षित रखकर पुनः प्रकृति को समर्पित करे, तो भविष्य में लाखों नए वृक्ष विकसित किए जा सकते हैं। इसी सोच के साथ सेवा सृजन समृद्धि फाउंडेशन ने नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं शासकीय विभागों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
अभियान को सफल बनाने में संस्था के सहयोगी कार्यकर्ता सुदर्शन तोमर, सचिन मालवीया, शिवानी चौहान, प्रिया जोशी, अरुण राठौर, सीताराम चौहान, मनीषा डावर, बृजराज मंडलोई, जन अभियान परिषद से भुवान सिंह गेहलोत तथा नवांकुर संस्था से सावन जाट सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा।



