

एक लोडेड देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और 5.13 ग्राम स्मैक बरामद
जहानाबाद। शहर में पुलिस ने एक स्मैक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और 5.13 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। गिरफ्तारी का खुलासा शनिवार को नगर थाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी मनोज कुमार पांडे ने किया। एएसपी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, नया टोला, वार्ड संख्या-18 निवासी 25 वर्षीय सत्यम कुमार (पिता श्रीकांत शर्मा) स्मैक के अवैध कारोबार में लिप्त था और अवैध हथियार भी रखता था।
सूचना के सत्यापन के बाद जहानाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी की उपस्थिति में नगर थाना के पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान सत्यम कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक लोडेड देसी पिस्टल मिली, जिसमें दो जिंदा कारतूस थे। उसकी पैंट की जेब से 5.13 ग्राम स्मैक के साथ तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए। बरामद मोबाइलों में एक एप्पल, एक रेडमी और एक की-पैड फोन शामिल हैं।
पुलिस ने सभी बरामद सामानों की विधिवत जप्ती सूची तैयार की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से है या नहीं। बरामद मोबाइल फोन के आधार पर उसके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।