
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को जिलेभर में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम,“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं पंचायत स्तर पर होंगे आयोजन
पांढुर्णा/15 जून 2026/
मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आगामी 21 जून 2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन पूरे प्रदेश सहित पांढुर्णा जिले में व्यापक स्तर पर किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 2015 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के बाद से विश्वभर में योग के प्रति उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली है। वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” अर्थात “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है।
निर्देशों के अनुसार 21 जून को जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं पंचायत स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सभी शासकीय विद्यालय, महाविद्यालय, उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, आयुष, पशुपालन, कृषि शिक्षा, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, नर्सिंग संस्थान, पॉलिटेक्निक तथा आईटीआई सहित निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न योग संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस, पुलिस विभाग, प्रशिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संगठनों तथा आम नागरिकों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम की समय-सारणी के अनुसार प्रतिभागियों की उपस्थिति प्रातः 6 बजे से पूर्व सुनिश्चित की जाएगी। प्रातः 6 बजे से अतिथियों का आगमन, 6 से 6.30 बजे तक उद्बोधन, 6.30 बजे से राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, 6.45 बजे से प्रधानमंत्री का संबोधन तथा प्रातः 7 से 7.45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों, महिलाओं एवं युवाओं की सहभागिता पर रहेगा विशेष जोर
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों तथा समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम स्थलों पर एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स, विद्यार्थियों, शासकीय सेवकों, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए पृथक-पृथक स्थान निर्धारित किए जाएंगे तथा दिव्यांगजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं उद्योग विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा श्रम विभाग द्वारा औद्योगिक संस्थानों में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए सभी शासकीय एवं निजी संस्थाओं को आयुष मंत्रालय भारत सरकार की वेबसाइट पर आयोजक के रूप में पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं। योग संगम अभियान के माध्यम से अधिकाधिक संस्थाओं और नागरिकों को जोड़ते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया गया है। प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी तथा विद्युत, ध्वनि विस्तारक यंत्र, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार कार्यक्रम इनडोर भी आयोजित किए जा सकेंगे।
योग दिवस के पूर्व व्यापक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा। योग विशेषज्ञों के सहयोग से संगोष्ठियां, व्याख्यान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा प्रिंट, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से योग के लाभों का प्रचार किया जाएगा। सार्वजनिक संस्थानों में योग दिवस से संबंधित बैनर एवं संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।कार्यक्रमों की समुचित मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग के लिए प्रत्येक विभाग एवं जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।