
पोषण आहार की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई, प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार के निर्देशन में संयुक्त जांच दल मौके पर पहुंचा, नमूने परीक्षण हेतु भोपाल रवाना
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
विशेष जांच दल ने किया निरीक्षण, रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई; प्रथम दृष्टया लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी,डीपीओ (डब्लूसीडी)को दिए जिलेभर में पूरक पोषण आहार के गुणवत्ता नियंत्रण एवं स्टॉक सत्यापन के निर्देश
पांढुर्णा/ 06 जून 2026
काराघाट कामठी में वितरित किए गए पूरक पोषण आहार के एक पैकेट में कीड़ा अथवा अन्य जंतु होने की आशंका संबंधी शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच प्रारंभ कर दी है। शिकायत के अनुसार हितग्राही श्रीमती वच्ठिला ध्रुवे के परिवार द्वारा प्राप्त चार पैकेटों में से तीन का उपयोग किया जा चुका था, जबकि चौथे पैकेट को उपयोग के लिए खोलने पर उसके भीतर कीड़ा या अन्य जंतु होने की आशंका व्यक्त की गई। शिकायतकर्ता शेषराव ध्रुवे द्वारा संबंधित पैकेट जांच दल के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार के निर्देशन में विशेष जांच दल का गठन किया गया। गठित दल में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नायब तहसीलदार, सीडीपीओ, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं एएसआई को शामिल किया गया। शिकायत प्राप्त होते ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच की कार्रवाई प्रारंभ की।
जांच के दौरान आंगनवाड़ी प्रभारी श्रीमती सुभद्रा गजभिये से जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने बताया कि दिनांक 28 अप्रैल 2026 को पाँच हितग्राहियों को पूरक पोषण आहार आटा बेसन एवं लड्डू प्रीमिक्स के चार-चार पैकेट वितरित किए गए थे। उक्त सामग्री का निर्माण महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी संस्था मर्यादित, मंडला (मध्यप्रदेश) द्वारा किया गया था।
प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार द्वारा संबंधित पूरक पोषण आहार की उत्पादन इकाई, मंडला में गुणवत्ता नियंत्रण एवं सुरक्षा संबंधी मानकों के परीक्षण एवं सत्यापन के लिए मंडला प्रशासन को आवश्यक जानकारी प्रेषित कर उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अनुरोध किया गया है।
साथ ही प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार ने एहतियातन डीपीओ, महिला एवं बाल विकास विभाग को जिलेभर में संबंधित पूरक पोषण आहार के गुणवत्ता नियंत्रण तथा उपलब्ध स्टॉक के सत्यापन के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई पोषण आहार की गुणवत्ता एवं हितग्राहियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा शिकायत से संबंधित पैकेट का नमूना नियमानुसार सीलबंद कर संग्रहित किया गया। इसी दौरान एक अन्य हितग्राही श्रीमती वन्दना परते द्वारा उपयोग नहीं किया गया एक सीलबंद पैकेट भी जांच के लिए उपलब्ध कराया गया, जिसे भी नमूने के रूप में विधिवत सीलबंद कर संग्रहित किया गया।
संग्रहित सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत प्रकरण की विस्तृत विवेचना कर संबंधित दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले में प्रशासन ने विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार द्वारा प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने के आधार पर संबंधित सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यकतानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट संकेत दिया गया है कि हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायत प्राप्त होते ही विशेष जांच दल का गठन कर नमूना संग्रहण, वैज्ञानिक परीक्षण, गुणवत्ता सत्यापन एवं विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिससे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा सके।