

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। रमेडी स्थित पंप कैनाल के पास बेतवा नदी में स्नान के दौरान तीन किशोर डूबने लगे। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।बताया जाता है कि लक्ष्मीबाई तिराहे क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय गोलू निषाद अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहा रहा था। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। पुलिस और गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन गोलू निषाद को बचाया नहीं जा सका।करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोलू को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।