हमीरपुर। बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर 27 नवंबर को जनपद में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में साई ज्योति संस्थान द्वारा होटल पूजा, अमन शहीद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल रहीं। कार्यक्रम में बाल विवाह को गंभीर सामाजिक कुरीति के साथ-साथ कानूनी अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सचिव वंदना अग्रवाल ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में बाधा बनता है। विशेषकर बालिकाओं का शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास इससे प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। शिविर में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल अधिकारों, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान “उत्तर प्रदेश ने ठाना है, प्रदेश को बाल विवाह मुक्त बनाना है” का संदेश भी दिया गया।
इस दौरान बाल विवाह अथवा बच्चों के साथ हिंसा, शोषण एवं संकट की स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 तथा निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों एवं नागरिकों ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण, बाल विवाह की रोकथाम तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए शपथ लेकर सामूहिक संकल्प किया।
इस मौके पर पीएलवी छाया प्रजापति एवं हुमैरा खातून, महिला कल्याण विभाग से दीप्ति अग्निहोत्री, महिला सशक्तिकरण केंद्र हब की जिला समन्वयक शशि तिवारी, कृष्ण गोपाल तिवारी, एएचटीयू थानाध्यक्ष राकेश यादव एवं उपनिरीक्षक राजबहादुर यादव सहित साई ज्योति संस्थान के पदाधिकारी, विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्राएं, स्वयंसेवी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
