अखंड भारत न्यूज़ चैनल से रवि गोस्वामी की खास खबर,
सीतापुर (सरगुजा)। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर में 26 नवंबर 2026 को सेक्टर स्तरीय महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री रामकुमार टोप्पो शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. टोप्पो ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री रामकुमार टोप्पो ने संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को देश के गौरव और सम्मान को ध्यान में रखते हुए खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा 200 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के कुल 13 महाविद्यालयों से 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न एथलेटिक्स विधाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर सभी विधाओं में प्राप्त अंकों के आधार पर महाविद्यालयों का अंतिम परिणाम घोषित किया गया। इसमें शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राजमोहिनी देवी शासकीय कन्या महाविद्यालय, अंबिकापुर ने द्वितीय तथा शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, बलरामपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं प्रतियोगिता का सफल क्रियान्वयन आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी श्री धीरज कुमार मिश्रा के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
