हमीरपुर। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जालौन जिले के बड़ा खरका गांव निवासी कपिल राजपूत (25), पुत्र महेंद्र, अपने साथी रूपेश के साथ राठ क्षेत्र के जरिया थाना इलाके के तुरना गांव में शादी समारोह की वीडियोग्राफी करने आए थे। शुक्रवार सुबह दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 143.8 के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कपिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रूपेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
