*भरोसे की राजनीति नहीं चलेगी, विश्वनाथगंज को विकास का हिसाब चाहिए!*
*विश्वनाथगंज को अब वादे नहीं, विकास का हिसाब चाहिए! पिंटू तिवारी ने उठाए बुनियादी सुविधाओं के सवाल*
*फायर स्टेशन से लेकर खेल मैदान, रोजगार और भ्रष्टाचार पर जवाबदेही तक उठाई आवाज, बोले—जनता को भरोसे के भाषण नहीं, धरातल पर विकास चाहिए।*
*प्रतापगढ़* विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर विकास के मुद्दे फिर चर्चा में आने लगे हैं। बॉयज एंड गर्ल्स स्कूल एंड कॉलेज के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता बिंदेश्वरी प्रसाद तिवारी उर्फ पिंटू तिवारी ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और जनअपेक्षाओं को प्रमुखता से उठाते हुए विकास को राजनीति का मुख्य आधार बनाने की बात कही है।
पिंटू तिवारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को अब केवल आश्वासन और भरोसे की बातें नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र की स्थापना की मांग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आग लगने की घटनाओं के दौरान समय से राहत पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर फायर स्टेशन होना जरूरी है।
इसके साथ ही उन्होंने युवाओं के लिए खेल मैदान, स्टेडियम और खेल प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने, छोटे उद्योगों और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता भी उठाई।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नाली, खड़ंजा, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था के साथ सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को प्रशासन की प्राथमिकता बनाने की बात कही।
पिंटू तिवारी का कहना है कि विश्वनाथगंज का विकास केवल चुनावी नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का ठोस लाभ मिलना चाहिए। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्षेत्र की इन जरूरतों को राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि अपनी प्राथमिकता में कितना स्थान देते हैं।
