आंवला के गुरुगावां में 10 करोड़ से बने पशु पॉलीक्लिनिक का लोकार्पण, पशुपालकों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
आंवला (बरेली) आंवला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरुगावां में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक पशु पॉलीक्लिनिक का लोकार्पण सोमवार को प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया।
मंत्री ने कहा कि इस आधुनिक पशु चिकित्सा केंद्र की स्थापना से आंवला सहित आसपास के क्षेत्रों के पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं, उन्नत उपचार और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा और पशुपालकों को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि यह पॉलीक्लिनिक पशुपालन क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने, पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आंवला विधानसभा के सर्वांगीण विकास और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर संकल्पबद्ध हैं।
लोकार्पण समारोह में पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम, विशेष सचिव एवं निदेशक की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने पॉलीक्लिनिक की आधुनिक सुविधाओं, लैब, ऑपरेशन थियेटर और टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान पशुधन विभाग की राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, निदेशक पशुपालन विभाग संगीता तिवारी, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, मझगवां ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह, आलमपुर ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश यादव, रामनगर ब्लॉक प्रमुख पति मित्रपाल, गुलरिया मंडल अध्यक्ष शोभाराम शर्मा, पूर्व प्रधान प्रमोद चतुर्वेदी, सुरेश पांडे, अतुल गुप्ता, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
