लंबित जिला गठन प्रस्ताव पर सरकार से मांगा जवाब, अब तक हुई कार्रवाई और देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी भी मांगी.. मनावर, कुक्षी, डही, गंधवानी और धरमपुरी क्षेत्र की भौगोलिक दूरी, जनसंख्या व प्रशासनिक जरूरतों के पुनर्मूल्यांकन का उठाया मुद्दा..
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। मनावर को नवीन जिला घोषित करने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर विधानसभा में एक बार फिर पहल तेज हुई है। मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मध्यप्रदेश विधानसभा में तारांकित प्रश्न लगाकर मनावर जिला गठन के लंबित प्रस्ताव और उस पर अब तक हुई कार्रवाई को लेकर राज्य शासन से जवाब मांगा है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट जानकारी चाही है कि मनावर को जिला बनाने का प्रस्ताव वर्षों से परीक्षणाधीन होने के बावजूद अब तक उसका परीक्षण पूरा क्यों नहीं हुआ और इस दिशा में आगे निर्णय लेने में देरी के क्या कारण हैं।
विधानसभा में प्रस्तुत तारांकित प्रश्न क्रमांक 16/195/823 में विधायक डॉ. अलावा ने संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मनावर जिला गठन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। प्रश्न में पूर्व में विधानसभा प्रश्न क्रमांक 1117, उत्तर दिनांक 10 मार्च 2022 तथा कलेक्टर धार के पत्र क्रमांक 1565/भू.अ./रा.नि./वर्कलोड/2021, दिनांक 1 सितंबर 2021 का उल्लेख किया गया है। साथ ही 2 मार्च 2023 को विधानसभा में दिए गए उत्तर का हवाला देते हुए पूछा गया है कि उस समय मनावर जिला गठन का प्रस्ताव परीक्षणाधीन बताया गया था। इसके बाद से अब तक इस प्रस्ताव पर दिनांकवार क्या कार्रवाई हुई, विभागीय टिप्पणियां क्या रहीं और संबंधित अभिलेखों में क्या स्थिति दर्ज है।
विधायक ने यह भी सवाल उठाया है कि बीते वर्षों में प्रस्ताव का परीक्षण पूर्ण क्यों नहीं किया गया। इसके लिए उत्तरदायी अधिकारियों के नाम, पदनाम, विलंब के कारण और वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी है। इसके अलावा मनावर, कुक्षी, डही, गंधवानी एवं धरमपुरी क्षेत्र की भौगोलिक दूरी, जनसंख्या, प्रशासनिक आवश्यकताओं और उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं का नए सिरे से पुनर्मूल्यांकन कराया गया है या नहीं, इस पर भी सरकार से जवाब चाहा है।
*समयबद्ध निर्णय और मंत्रिपरिषद में प्रस्ताव प्रस्तुत करने का सवाल*
तारांकित प्रश्न का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि विधायक डॉ. अलावा ने सरकार से पूछा है कि क्या मनावर को जिला घोषित करने के लिए सक्षम स्तर पर समयबद्ध निर्णय लेकर प्रस्ताव मंत्रिपरिषद के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा? यदि हां, तो इसकी समय-सीमा क्या निर्धारित की जाएगी और यदि नहीं, तो इसके स्पष्ट एवं विधिसम्मत कारण क्या हैं।
प्रश्न की स्वीकृत प्रश्नोत्तर तिथि 10 दिसंबर 2026 निर्धारित दर्शाई गई है। ऐसे में आगामी विधानसभा प्रश्नोत्तर के दौरान मनावर जिला गठन के लंबित प्रस्ताव पर सरकार का रुख सामने आने की उम्मीद है।
मनावर को जिला बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा उठाई जाती रही है। मनावर, कुक्षी, डही, गंधवानी और धरमपुरी क्षेत्र को मिलाकर नया जिला गठित करने की मांग के पीछे भौगोलिक दूरी, आदिवासी एवं ग्रामीण बहुल आबादी, प्रशासनिक सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास की जरूरत प्रमुख आधार रहे हैं। अब विधायक डॉ. अलावा द्वारा विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से जवाबदेही तय करने की पहल से इस मांग को एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर नई गति मिलने की संभावना है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें सरकार के जवाब पर टिकी हैं कि वर्षों से परीक्षणाधीन मनावर जिला गठन का प्रस्ताव कब धरातल पर उतरेगा और क्षेत्र को जिला बनाने की दिशा में ठोस निर्णय कब लिया जाएगा।
