हमीरपुर। आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सरीला में जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील सरीला में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का स्थलीय एवं गुणवत्तापूर्ण परीक्षण करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने पर भी जोर दिया।
तहसील परिसर में मीटिंग हॉल का उद्घाटन
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसील सरीला परिसर में मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य के उपरांत तैयार किए गए नवनिर्मित मीटिंग हॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए शासकीय कार्यों के सुचारु संचालन एवं जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इसी क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।वहीं मौदहा तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान की संयुक्त अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने की, मौदहा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 33शिकायतें दर्ज की गई जिनमे आधा दर्जन से अधिक शिकायतें निस्तारित कर दी गई।
