मौदहा (हमीरपुर)। तहसील मौदहा में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने की प्रक्रिया में आ रही समस्याओं और देरी को लेकर अधिवक्ताओं ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ताओं ने सितंबर माह की लंबित प्रक्रिया का शीघ्र निस्तारण कराए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने बताया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित मामलों के निस्तारण में देरी होने के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेष रूप से बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र समय से न बन पाने के चलते उनका स्कूलों में प्रवेश नहीं हो पा रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अधिवक्ताओं का कहना था कि संबंधित स्तर पर सितंबर माह की प्रक्रिया पूरी करने को कहा जा रहा है, जबकि उनका आरोप है कि ऐसा करने पर नवंबर और दिसंबर माह की प्रक्रिया भी सामने आ जाएगी और लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए न्यायालय के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की ओर से 30 सितंबर तक मजिस्ट्रेट को अधिकार दिए जाने की व्यवस्था थी, इसलिए लंबित मामलों का निस्तारण नियमानुसार किया जाना चाहिए। अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी से मांग की कि सितंबर माह की लंबित प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराकर लोगों को राहत दी जाए।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि स्थानीय स्तर पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी के समक्ष भी अपनी मांग रखेंगे।
