अखंड भारत न्यूज ब्यूरो अंबेडकरनगर
अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां कोलकाता से जम्मू जा रही जम्मूतवी एक्सप्रेस के सामने कूदकर 65 वर्षीय सेवानिवृत्त दरोगा ने आत्महत्या कर ली। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान इंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अयोध्या जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मड़ियावा गांव के निवासी थे। करीब तीन वर्ष पूर्व लखनऊ मुख्यालय से दरोगा पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वह अकबरपुर की साबुन वाली गली, मुरादाबाद में परिवार के साथ रह रहे थे।
बताया गया कि रविवार सुबह वह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचे और जम्मूतवी एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। घटना जीआरपी कार्यालय के सामने हुई।
सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक के बेटे सतेंद्र यादव ने बताया कि उनके पिता सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान यह घटना हो गई।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि जीआरपी आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
