संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 1 नवंबर 2026 / मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज पांढुर्णा में जिला स्तरीय समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। स्कूली छात्रों ने बैंड की प्रस्तुति से अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी एवं विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली।
समारोह स्थल पर पहुंचने पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने पौधा भेंट कर तथा पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यसभा सांसद का आत्मीय स्वागत किया। पूर्व शिक्षा मंत्री श्री नाना भाऊ मोहोड़ एवं जिला अध्यक्ष श्री संदीप मोहोड़ का भी अधिकारियों द्वारा पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती माया नारोलिया द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं जिलेवासियों को 71वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ भी दिलाई।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती एवं देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन और गौरवगाथा पर आधारित प्रस्तुतियों से भारतीय इतिहास और संस्कृति का परिचय दिया। साथ ही 'न्यारो मध्यप्रदेश, मेरा न्यारो मध्यप्रदेश' गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी गई। जनजातीय छात्रावास के छात्रों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक जनजातीय लोकनृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विद्यालयीन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को राज्यसभा सांसद द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं स्वामित्व योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर पटवारी श्री विकास रैकवार, पांढुर्णा एवं श्री दीपक उइके, सौंसर को सम्मानित किया गया। संस्कृति संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर श्री कुणाल पराड़कर को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
इसी प्रकार कृषक कल्याण योजना के अंतर्गत कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर खरीदने हेतु श्री लक्ष्मीकांत किंकर को 7 लाख 20 हजार रुपये, श्री राधेश्याम धारपुरे को बुलेट के लिए 1 लाख 68 हजार रुपये एवं श्री रोशन कापसे को स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।
समारोह में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
