गाली-गलौज का विरोध करने पर कनागत में आए बहनोई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या,
बरेली थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुर देह जागीर में मंगलवार रात शराब पीकर गाली-गलौज करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। घर में आयोजित कनागत कार्यक्रम में शामिल होने आए बहनोई की आरोपियों ने कुल्हाड़ी से रात में ताबड़तोड़ वार कर नृशंस हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के साले की तहरीर पर गांव के ही चार सगे भाइयों सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बिहारीपुर देह जागीर निवासी रघुवीर पाल पुत्र दुली राम ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार 6 अक्टूबर को उनके घर पर कनागत का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में उनके बहनोई रामरतन निवासी पीरबट्टू, थाना उझानी, जनपद बदायूं भी परिवार सहित आए हुए थे।
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ही गांव के हरपाल, मुकुट, नन्हे और लाखन चेतराम पास में बैठकर शराब पी रहे थे और खुलेआम गाली-गलौज कर रहे थे। घर में दावत होने के कारण पीड़ित पक्ष ने उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया, जिससे आरोपी रंजिश मान बैठे और वहां से चले गए।
तहरीर के अनुसार, रात करीब 10 बजे रघुवीर घर के बाहर बनी बैठक में सो रहे थे और वह खेत पर गायों को देखने खेत पर गए तभी उनकी चारपाई पर उनके बहनोई राम रतन आकर लेट गए और रघुवीर को समझकर चारों आरोपी अपने एक अज्ञात साथी के साथ कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे और सोते हुए रामरतन पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर रघुवीर पाल की पत्नी आरती पाल और चचेरे भाई योगेन्द्रपाल बाहर दौड़े।
परिजनों का शोर सुनकर आरोपी रामरतन को मृत समझकर वहां से भाग निकले। गंभीर रूप से लहूलुहान रामरतन को परिजन तुरंत निजी वाहन से अलीगंज थाने ले गए।
वहां से पुलिस ने उन्हें नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बरेली के जिला चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। हालांकि, बरेली ले जाते समय रास्ते में ही रामरतन ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने पीड़ित रघुवीर पाल की तहरीर पर चारों नामजद भाइयों
हरपाल, मुकुट, नन्हे, लाखन और एक अज्ञात साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
