डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को ग्राम पंचायत मूसामुंडी में सामुदायिक भवन तथा गाड़ासरई में निर्माणाधीन फिश पार्लर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी एवं डीएफओ अशोक कुमार सोलंकी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत नवाचार के रूप में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास गोरखपुर में लगभग 50 छात्राओं को कक्षा 6वीं से 8वीं तक अध्ययनरत बच्चों को Soles for Souls पहल के अंतर्गत जूते-मौजे पहनाए गए। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने बच्चों से पढ़ाई को लेकर संवाद करते हुए कहा कि वे अपने मन की बात और आवश्यकताएं बेझिझक साझा करें। बच्चों ने विद्यालय में पेयजल सुविधा के लिए आरओ मशीन लगाने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आरओ मशीन स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई पूरी करने के बाद उनके रुचिकर क्षेत्र और कैरियर की योजनाओं के संबंध में भी चर्चा की तथा बच्चों को अपनी रुचि के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
