गणेश पाण्डे डिंडौरी, 02 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिले में डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्याम सिंगौर के मार्गदर्शन में स्वच्छता एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश देते हुए सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा अपने-अपने आंगनवाड़ी केंद्रों तथा आसपास के परिसर में साफ-सफाई की गई। इस दौरान परिसर में एकत्रित कचरे एवं अनावश्यक सामग्री को हटाकर स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण तैयार किया गया।
इसी क्रम में शासकीय कार्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर भी अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की गई। लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से गांधी जयंती के अवसर पर “स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज” का संदेश दिया गया तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
