हमीरपुर। दिल्ली में हुए बस हादसे के बाद परिवहन विभाग ने डबल डेकर बसों के खिलाफ सघन कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलवार को ARTO विभाग की टीम ने नियमों की अनदेखी करने वाली डबल डेकर बसों के खिलाफ अभियान चलाकर काव्या, विश्वनाथ सर्विस समेत पांच बसों को सीज कर दिया, जबकि 65 वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान प्रत्येक बस पर करीब 40 से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के बाद सदर कोतवाली क्षेत्र के बस स्टैंड रोड पर यात्रियों में आक्रोश देखने को मिला। बसों के अचानक रुक जाने से परेशान यात्रियों ने हंगामा किया।
महिला यात्रियों ने बसों के आगे खड़े होकर दूसरी बस की व्यवस्था कराने अथवा महोबा तक का किराया वापस करने की मांग की। यात्रियों के हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डबल डेकर बसों पर हुई कार्रवाई से निजी बस संचालकों में हड़कंप मचा रहा। ARTO ने बताया कि बसों के सीज होने से प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे साधनों की व्यवस्था कराई जा रही है।
परिवहन विभाग की कार्रवाई के बाद डबल डेकर बस संचालकों में खलबली मची हुई है।
