रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर:- भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण धार जिला कार्यालय पर सोमवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार ने चुनाव आयोग, एसआईआर (SIR) और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस एवं राहुल गांधी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर अपनी बात रखी। इस दौरान भाजपा ग्रामीण जिला मीडिया प्रभारी विजय राठौर एवं जिला सह मीडिया प्रभारी अंकित शुक्ला उपस्थित रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार ने कहा कि पिछले कुछ समय से कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग, SIR एवं मतदाता सूची को लेकर लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसे आरोपों से लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता के मन में भ्रम और अविश्वास उत्पन्न होने की स्थिति बनती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से 26 सितंबर को हुई बैठक के बाद SIR को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई है। पाटीदार ने कहा कि आयोग के अनुसार SIR किसी एक व्यक्ति का निर्णय नहीं है, बल्कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि आयोग की ओर से स्पष्टीकरण दिए जाने के बाद भी आरोपों को जारी रखने का आधार क्या है।
मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आरोप लगाने पर उठाए सवाल….
चंचल पाटीदार ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा जिस मीडिया रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग और SIR को लेकर सवाल उठाए गए, आयोग के स्पष्टीकरण के बाद उस रिपोर्ट की तथ्यात्मकता पर भी प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि किसी संवैधानिक संस्था पर गंभीर आरोप लगाने से पहले तथ्यों की पूरी जांच की जानी चाहिए।
Form-6 को लेकर भी कांग्रेस से सवाल…
उन्होंने SIR प्रक्रिया में Form-6 से जुड़े Declaration को लेकर उठाए गए सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय में न्यायिक निर्णय का भी संदर्भ सामने आया है। पाटीदार ने कांग्रेस से पूछा कि जब न्यायपालिका का निर्णय सामने है, तो राजनीतिक आरोपों के बजाय न्यायिक प्रक्रिया और तथ्यों का सम्मान क्यों नहीं किया जाना चाहिए।
कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखे पत्र का संदर्भ…
चंचल पाटीदार ने कहा कि कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखे गए एक पत्र को भी SIR और चुनाव प्रक्रिया से जोड़कर प्रस्तुत किया गया। उनके अनुसार, चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह पत्र किसी नीति अथवा SIR से संबंधित नहीं, बल्कि डेपुटेशन पर आए एक अधिकारी से जुड़े आंतरिक प्रशासनिक विषय से संबंधित था। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशासनिक विषय को SIR से जोड़कर प्रस्तुत करने के पीछे का आधार कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए।
ECINET की सुरक्षा और विशेषज्ञ जांच का उल्लेख…
पाटीदार ने ECINET को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि चुनाव आयोग के IT सिस्टम की सुरक्षा एवं नियमों के अनुपालन की जांच के लिए IIT और IIIT के विशेषज्ञों की समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी व्यवस्था की जांच के लिए संस्थागत एवं विशेषज्ञ स्तर पर प्रक्रिया मौजूद है।
कांग्रेस से पूछे पांच सवाल…..
प्रेस वार्ता में चंचल पाटीदार ने कांग्रेस और राहुल गांधी से पांच सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े फैसले को तीनों चुनाव आयुक्तों का सर्वसम्मत निर्णय बताया है, तो राहुल गांधी अपने आरोपों पर अब भी क्यों कायम हैं। उन्होंने Form-6 से जुड़े न्यायिक निर्णय को स्वीकार करने, मीडिया रिपोर्ट के आधार पर संवैधानिक संस्था पर आरोप लगाने की उचितता, चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं पर कांग्रेस के विश्वास तथा आयोग द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद अपने आरोपों पर पुनर्विचार करने को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार या किसी संस्था के निर्णय से असहमति रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन असहमति और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता में अविश्वास पैदा करने के प्रयास के बीच अंतर होना चाहिए। राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करें।
चुनावी राजनीति और आत्ममंथन का मुद्दा उठाया…
चंचल पाटीदार ने कांग्रेस की चुनावी राजनीति और विभिन्न राज्यों में उसके लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनावी परिणामों का विश्लेषण राजनीतिक दलों के लिए आत्ममंथन का विषय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव जनता के बीच जाकर सेवा, काम और नीतियों के आधार पर जनमत हासिल करने से जीते जाते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर पर्याप्त तथ्यों के बिना आरोप लगाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से चुनाव आयोग, न्यायपालिका और देश की संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
प्रेस वार्ता के अंत में चंचल पाटीदार ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता के बीच सेवा, कार्य और जनमत के आधार पर लड़े जाने चाहिए तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।।।
