मौदहा (हमीरपुर)। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
बारिश के चलते कम्हरिया गांव में करीब छह मकान गिर गए। गनीमत रही कि हादसों में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
मकान गिरने वालों में इस्लामुद्दीन के दो मकान, आसमा, तुलसीदास, शरीफुद्दीन और जुम्मन के मकान शामिल हैं। मकान गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है।
वहीं छिरका गांव में लगातार बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव होने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। श्याम नाला और चंद्रावल नदी उफान पर होने के चलते आसपास के कई गांवों का संपर्क मौदहा तहसील मुख्यालय से प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश से कच्चे मकानों के गिरने और जलभराव की स्थिति ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा जलभराव वाले मार्गों पर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
