हमीरपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद में दिनांक 25 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष विधिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज राजकीय इंटर कॉलेज, हमीरपुर में छात्र-छात्राओं के लिए POCSO अधिनियम, 2012 के संबंध में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में माननीय सिविल जज (जूनियर डिवीजन), क्राइम अगेंस्ट वूमेन श्री अंकित पाल ने विद्यार्थियों को POCSO अधिनियम, 2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों एवं संरक्षण के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को कानून द्वारा विशेष संरक्षण प्राप्त है तथा बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों के मामलों में POCSO अधिनियम के तहत कठोर कानूनी प्रावधान किए गए हैं। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों, व्यक्तिगत सीमाओं तथा किसी भी अनुचित व्यवहार के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की पहचान, व्यक्तिगत सीमाओं की समझ, अनुचित घटना की स्थिति में माता-पिता अथवा शिक्षक को तत्काल जानकारी देने तथा 1098 और 112 जैसे सहायता माध्यमों का उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क एवं मित्रता में सावधानी बरतने तथा निजी फोटो अथवा वीडियो किसी के साथ साझा न करने के प्रति भी सचेत किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने POCSO अधिनियम एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका माननीय न्यायाधीश द्वारा सरल एवं व्यावहारिक भाषा में समाधान किया गया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की असहज या अनुचित घटना को छिपाने के बजाय विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित सहायता तंत्र को तत्काल इसकी जानकारी देना आवश्यक है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री अरविंद कुमार गौतम द्वारा माननीय न्यायाधीश श्री अंकित पाल का बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महिला कल्याण एवं बाल विभाग से तबस्सुम, पीएलवी गणेश सिंह, पीएलवी पवन कुमार, कॉलेज के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
