हमीरपुर। जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड से संबंधित विकास प्राथमिकता कार्यों व कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
कलेक्ट्रेट सभागार हमीरपुर में नए जिलाधिकारी की यह प्रथम समीक्षा बैठक थी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिले की वर्तमान ओवरऑल 46वीं रैंकिंग पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को रैंकिंग में सुधार लाकर जिले को प्रदेश के टॉप-10 स्थान पर पहुँचाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व क्षेत्र में जिला 17वें स्थान पर है, परंतु विकास विभाग की कमियों के कारण समग्र रैंकिंग प्रभावित हो रही है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बजट समय से मिलने के बावजूद लापरवाही के कारण 'ए' ग्रेड हासिल नहीं होता है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वेतन रोका जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने तथा अभियान चलाकर समय से कार्य पूर्ण करने की ताकीद की। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने फसल सर्वे को पूर्ण गंभीरता से कराने के निर्देश दिए ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने पाए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने फैमिली आईडी (परिवार पहचान पत्र) निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु सभी खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों की फैमिली आईडी नहीं बनी है अथवा जिनमें केवल एकल सदस्य पंजीकृत हैं, उन्हें अपडेट करने के लिए आगामी 28 व 30 सितंबर को दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के कुशल संचालन हेतु प्रत्येक पंचायत सचिव अपने क्षेत्र के दो सबसे बड़े गांवों में रोस्टर बनाकर शिविर आयोजित करेंगे, जिसमें पंचायत सहायक, रोजगार सेवक व अन्य संबंधित कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के समस्त अधिकारियों का व्यक्तिगत परिचय भी प्राप्त किया गया तथा उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग समय रहते अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं ताकि आने वाली समीक्षा में जनपद सम्मानजनक स्थिति में पहुँच सके। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, उपायुक्त एनआरएलएम, उपायुक्त उद्योग, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सूचना अधिकारी एवं समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
