हमीरपुर। आगामी 01 नवम्बर, 2026 को आयोजित होने वाले मेगा विधिक जागरूकता शिविर के सफल एवं प्रभावी आयोजन के संबंध में 23 सितम्बर को विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक विधिक सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासकीय सुविधाओं का लाभ पहुंचाना रहा।
बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में श्रीमती वंदना अग्रवाल, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी मेगा शिविर की तैयारियों, विभागीय सहभागिता तथा आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि मेगा विधिक जागरूकता शिविर में विभिन्न विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं, विधिक सेवाओं एवं शासकीय सुविधाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। साथ ही योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित करते हुए उन्हें मौके पर ही आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ दिलाए जाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सभी विभागों से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक विधिक जागरूकता एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए शिविर को सफल, सार्थक एवं जनोपयोगी बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में नगर पालिका, वन विभाग, शिक्षा विभाग, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक (लीड बैंक), महिला कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
