डिंडौरी, जिला युवा अधिकारी भुवन सिंह सोलंकी के मार्गदर्शन में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से युवाओं को विभिन्न अवसरों, गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। MY Bharat के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, नेतृत्व, स्वयंसेवा, खेल, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के अवसर मिलते हैं।
इसी क्रम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) का आयोजन युवाओं को विकसित भारत@2047 की संकल्पना से जोड़ने एवं उन्हें देश के विकास में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। VBYLD के माध्यम से युवाओं को अपने विचार, अनुभव, नवाचार एवं व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
वर्ष 2025 में राष्ट्रीय युवा महोत्सव को नए स्वरूप में Viksit Bharat Young Leaders Dialogue के रूप में आयोजित किया गया था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 30वां NYF-VBYLD 2027 जनवरी 2027 में नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। विभिन्न चरणों में चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा तथा उत्कृष्ट विचारों को माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर भी प्राप्त हो सकता है।
VBYLD के विभिन्न चरण एवं समय-सीमा
Viksit Bharat Challenge Track के अंतर्गत प्रतियोगिता विभिन्न चरणों में आयोजित होगी—
चरण-I : क्विज — 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026
चरण-II : निबंध लेखन — 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026
चरण-III : जिला स्तरीय चैंपियनशिप (PPT) — 10 नवंबर से 16 नवंबर 2026
चरण-IV : राज्य स्तरीय VBYLD (PPT) — 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026
चरण-V : राष्ट्रीय संवाद — 10 जनवरी से 12 जनवरी 2027
मध्यप्रदेश के लिए विशेष विषय
VBYLD के अंतर्गत मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण विषय है—
“Tribal Leadership, Natural Resources & Inclusive Development”
“जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास”
इस विषय के माध्यम से युवाओं को जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं उपयोग, शिक्षा, रोजगार, आजीविका, स्थानीय विकास एवं समावेशी विकास जैसे विषयों पर अपने विचार और समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसे सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं शारीरिक/मानवीय विकास के व्यापक दृष्टिकोण से भी देखा जा सकता है।
पत्रकार वार्ता में दी गई जानकारी
इस अवसर पर MY Bharat के जिला एंबेसडर डॉ. बिहारी लाल द्विवेदी जी ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से VBYLD कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat से जुड़कर VBYLD की विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डिंडौरी जैसे जनजातीय बहुल जिले के युवाओं के पास अपनी संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों एवं स्थानीय परिस्थितियों का प्रत्यक्ष अनुभव है, जिसे वे अपने विचारों और नवाचारों के माध्यम से विकसित भारत के विजन से जोड़ सकते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक कार्यक्रम की जानकारी पहुँचाने तथा उन्हें आगे आने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
पत्रकार वार्ता में MY Bharat टीम से आर.पी. कुशवाहा , सुश्री शिल्पी साहू एवं लक्ष्मण चंदेल उपस्थित रहे।
अंत में जिले के युवाओं से अपील की गई कि वे MY Bharat पोर्टल से जुड़ें, VBYLD की गतिविधियों में भाग लें और अपने विचारों एवं प्रतिभा के माध्यम से विकसित भारत@2047 के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
