रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तरीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जनपद पंचायत के सभा कक्ष में क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र, इंदौर तथा जिला पंचायत के निर्देशानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान मध्यप्रदेश शासन की ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तथा 16वें वित्त आयोग के नवीन दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। GPDP के अंतर्गत ग्राम पंचायत द्वारा करारोपण, ग्राम विकास में स्थानीय संसाधनों की भूमिका तथा 16वें वित्त आयोग के माध्यम से ग्राम स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा की गई।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ग्राम सभा की शक्तियों, दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को शासन की योजनाओं, वित्तीय प्रावधानों तथा ग्राम पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यवहारिक समझ उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों के सचिवों सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित पचौरी, पंचायत अधिकारी मगन वानखेड़े, रवि परमार एवं नवीन शर्मा (बीसी) सहित संबंधित जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
