कुरारा (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के हरेठा गांव में बाढ़ के पानी के बीच करीब पांच फुट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
मगरमच्छ का ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में मगरमच्छ पानी से बाहर निकलकर धूप सेंकता हुआ दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसी दौरान बाढ़ के पानी के बीच मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी और वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मगरमच्छ की मौजूदगी की जांच शुरू कर दी है।
विभागीय टीम द्वारा क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से बाढ़ के पानी के आसपास सावधानी बरतने और मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके नजदीक न जाने की अपील की है।
