मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार, हमीरपुर में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति मुख्य अतिथि तथा जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समारोह के दौरान राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह का सजीव प्रसारण उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर शिक्षकों के सम्मान एवं शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को भी उपस्थित लोगों ने देखा-सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, संस्कार एवं दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), गूगल एवं स्मार्टफोन जैसी तकनीकों के बढ़ते प्रभाव के बीच शिक्षकों के सामने नई चुनौतियां हैं। ऐसे में शिक्षकों को नवाचार, तकनीक एवं आधुनिक शिक्षण विधियों को अपनाते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। स्वयं के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक की शिक्षा सरकारी शिक्षण संस्थानों से प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि अभिभावकों एवं समाज में सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास को और मजबूत किया जाए तथा विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए।
जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे विद्यार्थियों के चरित्र, व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से बदलते समय के अनुरूप तकनीक एवं नवाचार को शिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यार्थियों की क्षमता को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे, यही शिक्षक दिवस की वास्तविक सार्थकता है।
*उत्कृष्ट शिक्षकों को किया गया सम्मानित*
समारोह के दौरान बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जनपद हमीरपुर के शिक्षक श्री नीतराज सिंह को मुख्यमंत्री द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने उनके उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धि की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री महेश कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकेश खरवार, जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार सहित बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
समारोह का समापन शिक्षकों के गौरवपूर्ण दायित्व, समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके निरंतर योगदान को रेखांकित करते हुए प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ।
