मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा ब्लॉक के भवानी गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में ग्रामीण नीरज बाढ़ से हुई तबाही की आपबीती सुनाते नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण शिहो व चंद्रावल नदियां एक बार फिर उफान पर हैं, जिससे क्षेत्र के कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बाढ़ के पानी के चलते कई स्थानों पर कच्चे मकानों में दरारें पड़ गई हैं, वहीं मकानों के गिरने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किए जाने की मांग की है। बाढ़ का असर खन्ना, गहबरा, भवानी, छिरका, मवैया, हिमौली, परालदार, रतौली, लरौंध, भमौरा, नारायच, मदारपुर और परछा समेत कई गांवों में दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक नदी और नालों का जलस्तर बढ़ने से आवागमन और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है और राहत व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत सामग्री, अस्थायी आश्रय, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रभावित परिवारों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
