मुस्करा हमीरपुर । मुस्करा ब्लॉक क्षेत्र के गरौली गांव स्थित गौशाला में लगातार गोवंश की मौतों की खबर प्रसारित होने के बाद गुरुवार को अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
बीडीओ राजू कुमार और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) ने गौशाला पहुंचकर व्यवस्थाओं और मौके की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी गौशाला के बाहर पहुंच गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के दौरान उन्हें गौशाला के अंदर जाने से रोक दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर भी आपत्ति जताई गई।
इससे गौशाला के अंदर की व्यवस्थाओं और वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए। वहीं, वीडियो के माध्यम से बीडीओ से ग्रामीणों को अंदर जाने से रोकने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा, “बहुत दलदल था, इंसान ही फंस जाएगा तो जानवर तो मरेगा ही।” अधिकारी के इस कथित बयान के बाद ग्रामीणों ने गौशाला की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि गौशाला में इतना अधिक दलदल है कि इंसान के फंसने का खतरा है, तो वहां गोवंश को किस स्थिति में रखा जा रहा है। उनका सवाल है कि जल निकासी और गोवंश की सुरक्षित व्यवस्था समय रहते क्यों नहीं की गई।
दो दिन पहले गौशाला में गोवंश की लगातार मौतों को लेकर खबर सामने आई थी। इसके बाद अधिकारियों की जांच से ग्रामीणों को कार्रवाई की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार कराने तथा लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
