
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। सदर कोतवाली में तैनात रहे दरोगा नवीन त्रिपाठी पर मुकदमे से नाम हटाने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि 30 हजार रुपये नकद और 15 हजार रुपये ऑनलाइन दिए गए।
मामले में दी गई तहरीर के बाद पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सदर कोतवाली में दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी दरोगा के भूमिगत होने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिश्वत के आरोपों से जुड़े साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
दरोगा पर लगे इन आरोपों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में रिश्वत के आरोप कितने सही साबित होते हैं और आरोपी दरोगा के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।

