

14 जुलाई का ‘धानमंडी बंद’ स्थगित, व्यापारी के गोदाम से चोरी के मामले में कार्रवाई को लेकर उच्चाधिकारियों के आग्रह पर स्थानीय थानाधिकारी को दिया 10 दिनों का समय
संवाददाता : बलजीत सिंह अटवाल।
घड़साना (श्रीगंगानगर) राजस्थान।
शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं, धानमंडी में अतिक्रमण और नशे के अवैध कारोबार की वजह से व्यापारियों ने एक सप्ताह से पुलिस प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है है।
गौरतलब है कि हाल ही में, पुलिस थाना घड़साना से मात्र एक किमी दूर आवासीय कॉलोनी में एक व्यापारी के गोदाम पर चोरी का मामला सामने आया, उक्त गोदाम व्यापारी इंद्रकु मार चांडक का है। आरोप है कि चोर गोदाम के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और ग्वार से भरे 120 कट्टे लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना के विरोध में व्यापारियों ने लामबंद होकर पैदल मार्च निकाला और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक बंसल ने पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम दिया था, जो रविवार को खत्म हो चुका, लेकिन पुलिस के पास ठोस जवाब नहीं था।
रविवार को ही व्यापारियों ने एक बैठक में साफ कर दिया कि 14 जुलाई को घड़साना धानमंडी बंद रखेंगे, कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी रणनीति के तहत पूरा बाजार बंद करेंगे। इस पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया और नए थानाधिकारी आलोक सिंह चारण ने उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। यह तय किया गया कि व्यापारियों से आगामी 10 दिन का समय लिया जाए। व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक बंसल से दूरभाष पर बात करते हुए बात नहीं बनी तो थानाधिकारी स्वयं उनसे मिलने गए, तब व्यापारियों ने पुनः बैठक कर सर्वसम्मति से पुलिस प्रशासन को 10 दिन का समय देने का ऐलान किया। तब पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली, लेकिन व्यापारियों ने कहा है कि उक्त घटना के आरोपी चोरों को पकड़ने, धानमंडी से अतिक्रमण (खोखे, स्टाल, छप्पर) हटाने और मंडी को नशा मुक्त बनाने के परिदृश्य में ही यह मोहलत दी गई है, नहीं तो वही गाड़ी और घोड़े फिर तैयार हैं। अलबत्ता पुलिस के लिए यह एक चुनौती है लेकिन असम्भव नहीं है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक बंसल ने स्पष्ट किया है कि कुछ उच्चाधिकारियों ने दूरभाष पर बात करते हुए उनसे कहा कि कार्रवाई के लिए नए थानाधिकारी को कुछ अतिरिक्त समय दीजिये और 14 जुलाई का ‘धानमंडी बंद’ स्थगित कीजिये।
व्यापारियों ने एक स्वर में स्थानीय पुलिस की उदासीनता पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। आरोप लगाया है कि धानमंडी क्षेत्र में खुलेआम नशा और अवैध शराब की बिक्री हो रही है इसी नशे की लत के कारण क्षेत्र में चोरी और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। नशे के सौदागरों में खूनी संघर्ष आम हो चुके हैं।