A2Z सभी खबर सभी जिले की

राज शाला दर्पण ऐप और आर टी ई पुनर्भरण को लेकर निजी स्कूलों में आक्रोश, 15 को बंद रहेंगे विद्यालय

बानसूर | राज शाला दर्पण मोबाइल ऐप के जरिए लगातार निरीक्षण और आर टी ई पुनर्भरण राशि में देरी से परेशान निजी स्कूल संचालकों ने सोमवार को एकजुट होकर उपखण्ड अधिकारी कार्यालय बानसूर पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। निजी स्कूल संघ बानसूर के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार शिक्षा सम्बलन के नाम पर निजी विद्यालयों का राज शाला दर्पण ऐप के माध्यम से बार-बार निरीक्षण कर रही है जिससे स्कूलों की स्वायत्तता प्रभावित हो रही है और शैक्षणिक कार्य बाधित हो रहे हैं। साथ ही आर टी ई अधिनियम के तहत प्रवेशित विद्यार्थियों की पुनर्भरण राशि समय पर नहीं मिलने से स्कूलों का आर्थिक संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई स्कूलों पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। संघ ने मांग की कि निजी स्कूलों के अनावश्यक निरीक्षण पर तुरंत रोक लगाई जाए और आर टी ई की लंबित राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो निजी स्कूल संघ प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संचालकों ने यह भी घोषणा की कि सरकार की नीतियों के विरोध में 15 जुलाई को बानसूर क्षेत्र के सभी निजी विद्यालय बंद रखे जाएंगे। इस अवसर पर अजय यादव, विजय सैनी, अजीत सिंह लाम्बा, देशराज यादव, ख्यालीराम, कृष्ण, महावीर सैनी, राखी गुप्ता, राजेश यादव, नरेश शर्मा, रमेश चंद यादव, जसवंत सिंह यादव, हंसराज कुमावत, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में निजी विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

Show More
Check Also
Close
Back to top button