
सिंगरौली: विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ, स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण।
सिंगरौली: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर 11 से 18 जुलाई तक चलने वाले विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य अभियान के प्रभावी संचालन एवं परिवार नियोजन सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना रहा।
कार्यशाला में शहरी क्षेत्र की एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य कर्मियों को योग्य दंपत्तियों से घर-घर संपर्क स्थापित कर परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी देने तथा छोटे एवं सुखी परिवार के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।प्रशिक्षण के दौरान अभियान के अंतर्गत अपनाई जाने वाली सावधानियों, दैनिक प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया तथा शहरी झुग्गी-झोपड़ियों एवं सघन बस्तियों में विशेष रूप से सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही परिवार नियोजन सेवाओं से वंचित न रहे।स्वास्थ्य कर्मियों को अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन, छाया गर्भनिरोधक गोली, निरोध (कंडोम) सहित उपलब्ध परिवार नियोजन साधनों की जानकारी दी गई।
साथ ही स्थायी परिवार नियोजन (नसबंदी) के लिए योग्य हितग्राहियों को परामर्श देने एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।कार्यशाला के अंत में सभी एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने अभियान को पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।कार्यशाला में मुख्य रूप से डिप्टी एमईआईओ डी.एन. मांझी एवं सेक्टर सुपरवाइजर विपिन कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

