
13 सदस्यीय टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना

बिहार की टीम 48वीं नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में लेगी हिस्सा
जहानाबाद। बिहार की टीम 48वीं नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश में 5 से 8 जून तक आयोजित होगी। जहानाबाद से बुधवार को 13 सदस्यीय टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुई। जहानाबाद टीम में डिम्पी कुमारी, सुमंती कुमारी, अविनाश कुमार मिश्रा, कुश रंजन और विवेक पाठक जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बिहार पंजा कुश्ती संगठन के महासचिव विक्रम कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने और राज्य का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखा है। टीम के रवाना होने के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा गया। खेल जगत के लोगों ने खिलाड़ियों की सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।