
अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित,जनसुनवाई में पेयजल, सड़क, अतिक्रमण एवं प्रमाण पत्रों से जुड़े 20 आवेदन पहुंचे
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा / 02 जून 2026/
राज्य शासन द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु सुनवाई की जाती है। इसी क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री ने 20 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

जनसुनवाई में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में भूमि सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा उपलब्ध कराने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, जाति प्रमाण पत्र जारी करने, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने तथा खसरा-नक्शा दुरुस्ती से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंधराखेड़ी के समस्त ग्रामवासियों द्वारा गत वर्ष लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से नल-जल योजना अंतर्गत बिछाई गई पाइपलाइन में पेयजल उपलब्ध कराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। वहीं ग्राम दुधा निवासी महेन्द्र एवं धर्मपाल ने ग्राम राजोराखुर्द से ग्राम दुधा तक बिछी पेयजल पाइपलाइन के दो वॉल्व खराब होने से लगातार हो रही पानी की बर्बादी को रोकने की मांग की।
इसी प्रकार ग्राम नरसला निवासी पन्ना बुवाड़े ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़क का पानी खेत में जाने से हो रही क्षति को देखते हुए पुलिया एवं जल निकासी हेतु नाली निर्माण कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। जनपद पंचायत पांढुर्णा के मनरेगा अधिकारी एवं कर्मचारियों ने पिछले छह माह से वेतन प्राप्त नहीं होने संबंधी समस्या रखी। वहीं संतोषी माता वार्ड पांढुर्णा निवासी श्रीमती उषा जनार्धन भुक्ते ने अनावेदक द्वारा उनके प्लॉट पर अतिक्रमण कर रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, प्रभारी तहसीलदार पांढुर्णा सुश्री प्रेक्षा पाठक, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ पांढुर्णा श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही।
