काली जी मंदिर से नरहन संकट मोचन मंदिर तक जुटे सैकड़ों सनातनी, विचारों पर चलने का लिया संकल्प
केराकत (जौनपुर)। युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को केराकत नगर में विश्व हिंदू महासंघ द्वारा 'श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति विजय यात्रा' का भव्य आयोजन किया गया।
यात्रा में शामिल सनातन धर्म व विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के संकल्प को दोहराया। काली जी मंदिर से शुरू होकर संकट मोचन मंदिर पहुंची यात्रा
विजय यात्रा का शुभारंभ केराकत स्थित ऐतिहासिक काली जी मंदिर से हुआ।
यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नरहन स्थित संकट मोचन मंदिर पर संपन्न हुई। इस दौरान पूरा मार्ग जयकारों से गूंज उठा और स्थानीय नागरिकों ने भी यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
महंत अवेद्यनाथ को दी श्रद्धांजलि
समापन अवसर पर आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं व वक्ताओं ने महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक व धार्मिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि पूज्य महाराज जी के विचार और राष्ट्र निर्माण के आदर्श आज भी हम सभी को नई दिशा दे रहे हैं।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
यात्रा में विश्व हिंदू महासंघ (सनातन रक्षा वाहिनी) के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग यादव, हिंदू युवा वाहिनी के तहसील अध्यक्ष कृष्णकांत यादव, विनोद सिंह, लालू गिरि, अमित शास्त्री, विकास सिंह, ओमप्रकाश सिंह, इंद्रसेन सिंह और मुकेश सिंह सहित भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
