डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर सभागार में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने, प्रगति की सतत मॉनिटरिंग करते रहें।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान जिले में जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन एवं प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए प्रत्येक विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के लिए कहा।
बैठक के दौरान आगामी ’’31 जुलाई 2026’’ को आयोजित होने वाली प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन की वीडियो कॉन्फ्रेंस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वीडियो कॉन्फ्रेंस से संबंधित समस्त जानकारी अद्यतन रखें तथा विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन स्तर की समीक्षा बैठक के लिए सभी विभाग पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहें और आवश्यक जानकारी एवं प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं। बैठक में स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन, लोक निर्माण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

