
धनबाद: बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल द्वारा 10 करोड़ रुपये के मानहानि मुकदमे के बाद कोयलांचल बचाओ संघर्ष मोर्चा के नेता हंजलाबीन हक ने अनोखे विरोध का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे धनबाद की जनता से भीख में केवल सिक्के मांगकर 10 करोड़ रुपये की राशि जुटाएंगे और उसे बीसीसीएल सीएमडी को सौंपेंगे।हंजलाबीन हक ने बताया कि उनके पास इतनी आर्थिक क्षमता नहीं है कि वे मानहानि की राशि चुका सकें। इसलिए वे “बीसीसीएल बचाओ, धनबाद बचाओ संकल्प सभा” के माध्यम से रणधीर वर्मा चौक पर लोगों से पुराने सिक्कों की भिक्षा मांगेंगे।उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति की मानहानि करना नहीं, बल्कि बीसीसीएल में कथित कोयला चोरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना है। उनका दावा है कि वे लंबे समय से इन मुद्दों को उठाते रहे हैं और यह मामला जनता के हित से जुड़ा है।गौरतलब है कि बीसीसीएल सीएमडी ने हंजलाबीन हक पर कोयला चोरी के आरोप लगाने को लेकर 10 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किया है। अब इस मामले ने धनबाद की राजनीति और कोयलांचल की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। अभिषेक श्रीवास्तव की रिपोर्ट ✍️