
पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक के साथ किया औचक निरीक्षण, बोलीं— धार की रेल परियोजनाओं में गुणवत्ता और समय-सीमा से नहीं होगा कोई समझौता….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। धार महू संसदीय क्षेत्र की महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री एवं धार-महू सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने शुक्रवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे के साथ पीथमपुर में निर्माणाधीन रेलवे टनल का औचक निरीक्षण किया। करीब 70 फीट गहराई में उतरकर उन्होंने आजादी के बाद पश्चिम रेलवे की सबसे बड़ी निर्माणाधीन रेलवे टनल के भीतर रेलवे धक्का गाड़ी से सफर करते हुए निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता, सुरक्षा और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


निरीक्षण के दौरान श्रीमती ठाकुर ने कहा कि धार संसदीय क्षेत्र की सभी रेल परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क क्षेत्र के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारशिला है। परियोजनाओं के पूर्ण होने से उद्योगों को नई गति मिलेगी, निवेश बढ़ेगा, किसानों और व्यापारियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास परियोजना जनता के विश्वास का प्रतीक होती है, इसलिए निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रहे रेलवे के आधुनिकीकरण एवं विस्तार कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि धार संसदीय क्षेत्र भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे विभाग और निर्माण एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी परियोजना तय समय में पूर्ण होकर क्षेत्र के विकास में नया अध्याय जोड़ेगी।

इस अवसर पर धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्विनी कुमार सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित रहे
