

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा विकास खंड में तैनात एक ग्राम सचिव का शव गुरुवार को किराए के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों, विकास खंड कर्मचारियों और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।प्रयागराज के नैनी निवासी 38 वर्षीय राजू सिंह पटेल पुत्र सृष्टि नारायण पटेल मौदहा नगर के मराठीपुरा मोहल्ले में किराए के मकान में अकेले रहते थे। वह विकास खंड मौदहा के अंतर्गत कुनहेटा, हिमौली और लदारपारा ग्राम पंचायतों में सचिव के पद पर कार्यरत थे।सहकर्मी केशव के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे उनकी राजू सिंह पटेल से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह रात में बाहर गए थे और उन्हें सोने दिया जाए। इसके बाद कर्मचारियों द्वारा कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।मृतक के चालक सुनील कुमार ने बताया कि कुछ जरूरी रुपये लेने के लिए उन्होंने फोन किया था, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने सचिव की पत्नी श्वेता को जानकारी दी। पत्नी के कहने पर मौदहा में तैनात सचिव गिरीश पटेल अपने साथियों महेंद्र और योगेश के साथ कमरे पर पहुंचे।दोपहर करीब ढाई बजे जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे का ताला बाहर से बंद मिला। पत्नी की अनुमति पर दूसरी चाबी से ताला खोला गया। कमरे के अंदर प्रवेश करते ही राजू सिंह पटेल का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए और तत्काल पुलिस व परिजनों को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम करनवीर सिंह, बीडीओ राघवेंद्र सिंह सहित विकास खंड के कई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। वहीं मोहल्ले में भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल के बाद शव को नीचे उतरवाया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी श्वेता और एक वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
