दीपक शर्मा की रिपोर्ट
24 घंटे बिजली, पर्याप्त वोल्टेज, खाद-बीज, सिंचाई और फसल का उचित मूल्य देने की मांग
जोबट:- किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोबट में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन के बाद जोबट विधायक सेना महेश पटेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर नायब तहसीलदार मंडलोई को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, सरपंच, किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों से 24 घंटे बिजली देने, किसानों की आय दोगुनी करने तथा समय पर खाद उपलब्ध कराने सहित कई वादे किए थे, लेकिन आज सरकार के वादों और धरातल की स्थिति में अंतर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि अलीराजपुर जिले के किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। कई क्षेत्रों में किसानों को केवल 3 से 5 घंटे बिजली दी जा रही है। जो बिजली मिल रही है, उसमें वोल्टेज इतना कम रहता है कि मोटर पंप पर्याप्त लोड नहीं ले पाते। मोटर नहीं चलने के कारण किसानों के खेतों में सिंचाई नहीं हो पा रही है और फसलें सूखने की स्थिति में हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की कि अलीराजपुर जिले को सूखा प्रभावित घोषित किया जाए तथा किसानों को कम से कम 12 घंटे नियमित एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसान अपनी फसलों की सिंचाई कर सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को रात में 3-4 घंटे बिजली दी जा रही है। ऐसे में किसान रात के समय खेतों में जाकर सिंचाई करने को मजबूर हैं। अंधेरे में खेतों पर जाने से जंगली जानवरों एवं अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ज्ञापन में समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने, खराब फसलों का उचित मुआवजा देने, किसानों को फसल का उचित मूल्य एवं समर्थन मूल्य दिलाने तथा सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि खेतों में पानी नहीं पहुंचने से फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
इसके साथ ही जोबट नगर के छोटे दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं एवं ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने तथा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। क्षेत्र में निर्माण कार्यों को गति देकर स्थानीय किसानों एवं मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि ग्रामीणों को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।
विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर जोबट के बाद चंद्रशेखर आजाद नगर में भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा इसके बाद पूरे जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की मांग बिजली, पानी, खाद-बीज और फसल का उचित मूल्य दिलाने की है। सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए वादों को जमीन पर लागू किया जाना चाहिए।
धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद डावर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कालू मेहडा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सरदार अजनार, चैन सिंह डावर, आराम पटेल, फते सिंह काछवाह, जीतू अजनार, लक्की राठौर, प्रताप भाई, सोमला रावत, महेंद्र गडरिया,लखन रावत, सोयब खान, भूरू भाई सहित कांग्रेस पदाधिकारी, सरपंच, कार्यकर्ता, किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
